
रायपुर। छत्तीसगढ़ में समलैंगिक रिश्तों में एक वकील धोखाधड़ी का शिकार हो गया। रायपुर के शादीशुदा वकील को CRPF जवान से प्यार हो गया। उसके लिए वकील ने अपनी पत्नी-बच्चों को भी छोड़ दिया। आरोप है कि CRPF जवान किसी और पुरुष के लिए उसे धोखा देकर भाग गया। वकील ने शिकायत CRPF में की है। वकील ने बताया कि करीब 3 साल पहले 7 अप्रैल 2020 को उसकी मुलाकात एक गे सोशल नेटवर्क एप पर CRPF जवान से हुई थी। इसके बाद दोनों पहली बार महासमुंद में मिले। इसके बाद दोनों लगातार मिलने लगे और उनके बीच प्यार हो गया।

वकील ने बताया कि जवान भी शादीशुदा है। दोनों ही 2-2 बच्चों के पिता भी हैं। आरोप है कि जवान ने सारी जिंदगी साथ रहने का वादा किया। इसके बाद 19 नवंबर 2021 को बागबाहरा के चंडी मंदिर में दोनों ने गंधर्व विवाह कर लिया। वकील ने बताया कि शादी के बाद दोनों सुंदर नगर में पति-पत्नी की तरह रहने लगे थे। शुरुआत में जब वकील और CRPF जवान के बीच नजदीकियां बढ़ीं तो दोनों की पत्नियों को यह लगता था कि वे दोस्त हैं। दोनों एक-दूसरे के घर भी आते-जाते थे। वकील ने बताया कि एक दिन दोनों की पत्नियों को उनके रिश्ते के बारे में पता चल गया। जवान की पत्नी ने CRPF कैंप जाकर हंगामा किया और अलग हो गई।
एडवोकेट ने बताया कि उसने अपनी पत्नी को किसी तरह समझाया और अलग रहने के लिए राजी कर लिया। वकील का कहना है कि अब वो अकेले रहते हैं। जवान के कहने पर ही उन्होंने अपनी पत्नी को जानकारी दी थी, लेकिन अब उसने ही धोखा देकर किसी और से रिश्ता बना लिया है। वकील ने मकान के बाहर CCTV कैमरा लगवाया था। उन्होंने जब फुटेज चेक की तो पता चला कि जवान उनकी गैर हाजिरी में किसी और पुरुष को भी घर में बुलाता है। जब उन्होंने जवान से इस बारे में पूछताछ की तो वह कैंप चला गया। फिर खबर दी की मणिपुर ट्रांसफर हो गया और नंबर भी ब्लॉक कर दिया। जिस CRPF जवान पर एडवोकेट ने आरोप लगाया है वह छत्तीसगढ़ का ही रहने वाला है। फिलहाल ओडिशा कैंप में पदस्थ है। वकील ने कैंप कमांडेंट के पास जाकर उसकी शिकायत भी की और सारी जानकारी दी। अधिकारियों को वकील लिखित में भी शिकायत भेज चुका है। अब उसे कार्रवाई का इंतजार है।