
कोच्चि: केरल के कोच्चि में अधेड़ महिला से रेप के आरोपी को पुलिस ने चार दिन की मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि 52 साल की महिला से रेप के मामले में असम के रहने वाले एक मजदूर को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला को मेट्रो स्टेशन का रास्ता दिखाने के बहाने अपने साथ ले गया और फिर सुनसान इलाके में उसके साथ रेप किया। घटना के दौरान महिला गंभीर रूप से घायल भी हो गई थी। महिला अभी अस्पताल में भर्ती है।

अधिकारियों ने कहा कि केरल पुलिस ने चार दिन पहले कोच्चि में 52 वर्षीय एक महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने और उसे गंभीर रूप से घायल करने के आरोप में असम के एक मूल निवासी को शनिवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान फिरदौर के रूप में हुई है। पुलिस ने कहा कि 13 दिसंबर को फिरदौस ने कोच्चि के एक रेलवे स्टेशन पर दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करने वाली अलाप्पुझा जिले की मूल निवासी महिला को कथित तौर पर लालच दिया और कहा कि वह उसे निकटतम मेट्रो स्टेशन का रास्ता दिखाएगा।
उन्होंने बताया कि जब वे रेलवे ओवरब्रिज के पास एक सुनसान इलाके में पहुंचे, तो फिरदौस ने कथित तौर पर महिला को झाड़ियों में धकेल दिया और उसके साथ बेरहमी से बलात्कार किया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कहा कि बाद में स्थानीय लोगों ने बलात्कार पीड़िता को घायल अवस्था में पाया और उसे अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा, “हमारे पास आरोपी के बारे में बहुत कम जानकारी थी। उपलब्ध जानकारी, महिला के बयान और गहन पूछताछ के बाद, हम आरोपी तक पहुंचने और उसे पकड़ने में कामयाब हो पाए।” प्रवक्ता ने बताया कि घटना के बाद भी फिरदौस कोच्चि में ही रहा और शनिवार को उसे पकड़ लिया गया। महिला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 32 वर्षीय आरोपी, हालांकि असम का मूल निवासी है लेकिन मलयालमी भाषा में पारंगत है। पुलिस ने कहा कि फिरदौस के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।